आइये टोक्यो ओलंपिक 2020 के शुभारंभ से पूर्व ओलंपिक खेलों के इस महाकुंभ के विषय में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी हांसिल करते हैं। ओलंपिक खेलों की औपचारिक शुरुआत 06 अप्रैल 1896 को एथेंस, ग्रीस में हुई थी और इसकी शुरुआत का श्रेय पियरे डी. कुबर्तिन को जाता है, जो कि फ्रांस के नागरिक थे। ओलंपिक खेलों का आयोजन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा किया जाता है जिसकी स्थापना 23 जून 1894 को हुई थी और इसका मुख्यालय लुसाने, स्वीटजरलैंड में है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक है।
ओलंपिक खेलों के Logo (प्रतीक चिन्ह) जो कि ध्वज पर पांच रंगों के छल्लों के रूप में अलग-अलग रंगों से प्रदर्शित किया जाता है, का निर्माण ओलम्पिक खेलों के संस्थापक पियरे डी. कुबर्तिन के पुत्र बारेन पियरे डी कुबर्तिन ने 1913 में किया था। ओलंपिक के इन 5 छल्लों एवं इनके 5 रंग विश्व के 5 महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व करते है। नीला रंग यूरोप को, काला रंग अफ्रीका को, लाल रंग अमेरिका को, पीला रंग एशिया को और हरा रंग ऑस्ट्रेलिया को दर्शाता करता है।
सामान्य तौर पर ओलंपिक दो प्रकार के होते हैं; एक Summer (ग्रीष्मकालीन) ओलंपिक और दूसरा Winter (शीतकालीन) ओलंपिक परंतु एक तीसरे प्रकार के पैरालंपिक को भी इसमें सम्मिलित किया गया है। ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन दोनों ही प्रकार के ओलंपिक खेलों का आयोजन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा आयोजित किया जाता है परंतु पैरालंपिक खेलों का आयोजन अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति द्वारा किया जाता है, जिसका मुख्यालय जर्मनी के बान में है।
इस विश्वव्यापी आयोजन “ओलंपिक खेलों” को अब तक कुल तीन बार रद्द किया जा चुका है। 1920 के जर्मनी ओलंपिक को प्रथम विश्व युद्ध के कारण, 1940 के जापान ओलंपिक को द्वितीय विश्व युद्ध के कारण और 1944 के जापान ओलंपिक को पुनः द्वितीय विश्व युद्ध के कारण स्थगित किया जा चुका है। इस वर्ष 32वां ओलंपिक टोकियो, जापान में 23 जुलाई 2021 से 08 अगस्त 2021 (16 दिन) तक आयोजित होने जा रहा है।
भारत ने सन 1900 में पहली बार फ्रांस ओलंपिक में हिस्सा लिया था, उस समय हमारा देश स्वतंत्र नहीं हुआ था इसलिए नॉर्मन प्रिचार्ड जो कि धावक थे और वह इंग्लैंड के रहने वाले थे परन्तु उन्होंने फ्रांस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और एथलेटिक्स में दो रजत पदक भी प्राप्त किये थे।
ओलंपिक खेलों में भारत की अभी तक की स्थिति की बात करें तो हमनें 9 स्वर्ण, 7 रजत और 12 कांस्य पदक सहित कुल 28 ओलंपिक पदक हांसिल किये है, यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि हमारे कुल 9 स्वर्ण पदकों में से पहले स्वर्ण पदक (1928 के एम्सटर्डम ओलंपिक) सहित 8 समूह श्रेणी के हॉकी खेल से मिले है और व्यक्तिगत श्रेणी में भारत को आज तक सिर्फ 1 ही स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है जो कि अभिनव बिंद्रा ने सन 2008 के बीजिंग ओलंपिक में निशानेबाज़ी में हांसिल किया था।
ओलंपिक खेलों का आयोजन प्रत्येक 4 वर्षों के बाद किया जाता है। प्रत्येक ओलंपिक आयोजन का एक अलग आदर्श वाक्य निर्धारित किया जाता है। प्रथम ओलंपिक खेलों का आदर्श वाक्य था CITIUS, ALTIUS, FORTIUS (तेज, ऊंचाई, मजबूत) अर्थात Faster, Higher and Stronger और आगामी 32वें टोक्यो ओलंपिक खेलों का आदर्श वाक्य है: “UNITED BY EMOTION” (भावना से संगठित) यह आदर्श वाक्य सभी प्रकार की विविध पृष्ठभूमि के लोगों को एक साथ लाने के लिए खेल की शक्ति पर जोर देता है और उन्हें इस तरह से जुड़ने और जश्न मनाने की अनुमति देता है जो उनके मतभेदों से परे हो।
खेलों का महाकुंभ अर्थात ओलंपिक का आयोजन हर चार साल बाद होता है परन्तु वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण पिछले साल 2020 में इसका आयोजन नहीं किया जा सका था। अब एक साल के लंबे इंतजार के बाद पूर्व निर्धारित स्थान पर “जापान की राजधानी टोक्यो” में इसका भव्य आयोजन होने जा रहा है। खेलों का यह महाकुंभ 23 जुलाई से 08 अगस्त 2021 (कुल 16 दिन) तक चलेगा।
टोक्यो ओलंपिक 2020 में 42 प्रतियोगिता स्थलों पर रिकॉर्ड 33 प्रतियोगिताएं एवं 339 स्पर्धाओं आयोजित की जाएंगी जो कि 23 जुलाई 2021 से 8 अगस्त 2021 तक आयोजित की जाएंगी। आइये जानते है उन खेल एवं हमारे खिलाड़ियों के विषय में जिन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया है।
इस विश्वव्यापी भव्य आयोजन में 200 से अधिक देश अपनी सहभागिता देंगे और कुल 10,900 खिलाड़ियों के बीच 339 स्वर्ण पदकों के लिए निर्णायक मुकाबले होंगे।
भारत ने टोक्यो ओलंपिक की कुल 33 खेल प्रतियोगिताओं में से इस 17 में योग्यता हांसिल (क्वालीफाई) की है और वह है;
1. आर्चरी
2. एथलेटिक्स
3. बैडमिंटन
4. बॉक्सिंग
5. एक्वेस्ट्रियन
6. फेंसिंग
7. गोल्फ
8. जिम्नास्टिक्स
9. हॉकी
10.जूडो
11.रोइंग
12.सेलिंग
13. शूटिंग
14.स्विमिंग
15.टेबल टेनिस
16.वेटलिफ्टिंग
17.रेसलिंग
अब तक 100 से अधिक भारतीय खिलाड़ियों ने टोक्यो खेलों के लिए सकुशल क्वालीफाई कर लिया हैं जिसमें पुरुष और महिला दोनों खिलाड़ी वर्ग शामिल हैं। भारतीय ओलंपिक संघ के अनुसार उनको उम्मीद है कि 23 जुलाई 2021 से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक के लिए अभी लगभग 25 से 35 खिलाड़ी और क्वालीफाई करने में सफल हो जाएंगे। एक अनुमान के अनुसार आगामी टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय दल में 100 से अधिक खिलाड़ियों सहित अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ को मिलाकर लगभग 190 सदस्य होंगे।
देश को उम्मीद है कि इस बार टोक्यो ओलंपिक में भारत को प्राप्त होने वाले पदकों की संख्या दोहरे अंक में ही होगी और यह स्थिति न सिर्फ विशेष अपितु अभूतपूर्व उपलब्धि भी होगी। इससे पहले भारत ने ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2012 में लंदन ओलंपिक में किया था जब देश ने 02 रजत और 04 कांस्य पदक सहित कुल 06 पदक अपने नाम किये थे।
अभी तक क्वालीफाई हुए खिलाड़ियों की जानकारी: आर्चरी (तीरंदाजी) प्रतियोगिता के लिए तरुणदीप राय, अतानु दास, दीपिका कुमारी और प्रवीण जाधव सहित कुल 4 खिलाड़ियों ने भारत की ओर से क्वालीफाई किया है। एथलेटिक्स (ट्रेक एंड फील्ड इवेंट्स) के लिए भारत कुल 14 स्पर्धाओं में भाग लेगा। 20 किलोमीटर रेस वॉकिंग स्पर्धा में पुरुष वर्ग में के.टी. इरफान, संदीप कुमार, राहुल रोहिल्ला और महिला वर्ग में भावना जाट, प्रियंका गोस्वामी कुल 3+2=5 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के लिए अविनाश सावले ने क्वालीफाई किया है। 100 और 200 मीटर फर्राटा दौड़ के लिए महिला धावक दुती चंद ने क्वालीफाई किया है। लॉंग जम्प (लंबी कूद) स्पर्धा के लिए मुरली श्रीशंकर ने क्वालीफाई किया है। जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा के लिए नीरज चोपड़ा और शिवपाल सिंह ने क्वालीफाई किया है। शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा के लिए तेजिंदरपाल सिंह तूर ने क्वालीफाई किया है। डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक) स्पर्धा के लिए कमलप्रीत कौर ने क्वालीफाई किया है। बैडमिंटन एकल (Singles) खेल प्रतियोगिता के लिए पुरुष वर्ग में बी. साईं प्रणीथ, महिला वर्ग में पी.वी. सिंधु और बैडमिंटन युगल (Doubles) खेल प्रतियोगिता के लिए सात्विकसाइराज रैंकिरेड्डी और चिराग शेट्टी ने क्वालीफाई किया है। बॉक्सिंग (मुक्केबाजी) खेल प्रतियोगिता के लिए पुरुष वर्ग से विकास कृष्ण (69kg), आशीष कुमार (75kg), सतीश कुमार (91kg), अमित पंघाल (52 kg), मनीष कौशिक (63kg) और महिला वर्ग से लवलीन बोर्गोहिन (69kg), पूजा रानी (75kg), मैरी कॉम (51kg), सिमरनजीत कौर (60kg) कुल 5+4=9 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। एक्वेस्ट्रियन (घुड़सवारी) प्रतियोगिता के लिए फाउद मिर्ज़ा ने क्वालीफाई किया है। फेंसिंग (तलवारबाजी) प्रतियोगिता के लिए भवानी देवी ने क्वालीफाई किया है और फैंसिंग खेल में क्वालीफाई करनी वाली वह देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई है। गोल्फ खेल प्रतियोगिता के लिए पुरूष वर्ग से अनिरबन लाहिरी और महिला वर्ग से अदिति अशोक ने क्वालीफाई किया है। जिम्नास्टिक्स खेल प्रतियोगिता के लिए प्रणति नायक ने क्वालीफाई किया है। जूडो खेल प्रतियोगिता के लिए सुशीला देवी लिकमाबम ने क्वालीफाई किया है। रोइंग खेल प्रतियोगिता के लिए अर्जुन जाट और अरविंद सिंह ने क्वालीफाई किया है। सेलिंग एकल (Singles) खेल प्रतियोगिता के लिए पुरुष वर्ग से विष्णु सरवनन, महिला वर्ग से नेथरा कुमानन और सेलिंग युगल (Doubles) खेल प्रतियोगिता के लिए के.सी. गणपति, वरुण ठक्कर ने क्वालीफाई किया है। शूटिंग अर्थात निशानेबाज़ी स्पर्धा में भारत से अंजुम मौदगिल (10 मीटर महिला एयर राइफल), अपूर्वी चंदेला (10 मीटर महिला एयर राइफल), दिव्यांश सिंह पंवार (10 मीटर पुरुष एयर राइफल), दीपक कुमार (10 मीटर पुरुष एयर राइफल), तेजस्वनि सावंत (50 मीटर महिला राइफल 3 पोजीशन), संजीव राजपूत (50 मीटर पुरुष राइफल 3 पोजीशन), ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर (50 मीटर पुरुष राइफल 3 पोजीशन), मनु भास्कर (10 मीटर महिला एयर पिस्टल), यशस्विनी सिंह देसवाल (10 मीटर महिला एयर पिस्टल), सौरभ चौधरी (10 मीटर पुरूष एयर पिस्टल), अभिषेक वर्मा (10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल), रही सोरणोबट (25 मीटर महिला पिस्टल), चिंकी यादव (25 मीटर महिला पिस्टल), अंगद वीर सिंह बाजवा (पुरुष स्कीट), और मैराज अहमद खान (पुरुष स्कीट) कुल 15 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। स्विमिंग (तैराकी) खेल प्रतियोगिता के लिए साजन प्रकाश ने क्वालीफाई किया है।
टेबल टेनिस खेल प्रतियोगिता के लिए शरथ कमल, साथियान, सुतीर्था मुखर्जी, मनिका बत्रा कुल 4 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। वेटलिफ्टिंग खेल प्रतियोगिता के लिए मीराबाई चानू ने क्वालीफाई किया है। रेसलिंग अर्थात कुश्ती के लिए पुरूष वर्ग से बजरंग पुनिया (65kg), दीपक पुनिया(86kg), रवि कुमार दहिया (57kg) और महिला वर्ग से सीमा बिस्ला (50kg), विनेश फोगाट (53kg), अंशु मालिक (57kg), सोनम मलिक (62kg) कुल 3+4=7 खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। अंत में अगर बात करें टीम (समूह) खेलों की, तो भारत ने सिर्फ हॉकी (पुरुष एवं महिला) खेल की दोनों श्रेणियों में क्वालीफाई किया है।
खेलों के महाकुंभ ओलंपिक की भव्यता का अंदाजा उसके सीधे प्रसरण का आनंद उठा रहे दर्शकों की संख्या से लगाया जा सकता है। 2016 में रियो ओलंपिक को पूरी दुनियाँ में 320 करोड़ लोगों द्वारा देखा गया था। उम्मीद है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में यह संख्या 400 करोड़ के पार पहुँच जाएगी।
ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जब खेलों के महाकुंभ, टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करने के लिए दो ध्वजवाहक (एक महिला और एक पुरुष) होंगे और इसके लिए प्रसिद्ध मुक्केबाज मैरी कॉम और भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को यह जिम्मेदारी सौपी गई है।
हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के नकारात्मक थपेड़ों के बीच खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत एक नया कीर्तिमान स्थापित कर देश और दुनियाँ को सकारात्मकता का महत्वपूर्ण संदेश देने में अवश्य सफल होगा।

डॉ. शरद कुमार शर्मा
संयुक्त सचिव

Privacy Policy | Terms & Conditions | Refund Policy

© Copyright 2024 by PEFINDIA.org | Designed & Developed By CraftyWebbies